नारनौल। नारनौल की वायु गुणवत्ता सूचकांक में वीरवार को सुधार हुआ। जहां दो दिन पहले तक लोगों की आंखों में जलन हो रही थी। वहीं वीरवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक की श्रेणी में पहुंच गया। इससे आमजन ने राहत की सांस ली है।
नारनौल में वीरवार सुबह आठ बजे 148, नौ बजे 135, दो बजे 72, चार बजे 68 और 6 बजे 65 के पास एक्यूआई पहुंच गया। इससे पहले 18 अक्तूबर को 218, 19 को 279, 20 को 311, 21 को 390, 22 को 332 दर्ज किया गया था। अब मौसम विभाग ने नवंबर के पहले सप्ताह में बारिश की संभावना जताई हैं। ऐसे में आगामी दस दिन तक वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहतर रहेगा।
बता दें कि दिवाली से दो दिन पहले से ही नारनौल में वायु गुणवत्ता सूचकांक में बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई थी जो गंभीर श्रेणी में पहुंच गया था। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हवा की दिशा में बदलाव होने से नारनौल में एक्यूआई में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि एक्यूआई 0 -50 तक अच्छा, 51-100 तक संतोषजनक, 101-200 के बीच मध्यम, 201-300 के बीच खराब, 301-400 के बीच बहुत खराब और 401-500 के बीच गंभीर श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि वायु गुणवत्ता के आधार पर ग्रैप को चार चरण में बांटा गया है। चरण एक खराब 201-300, चरण दो बहुत खराब 301-400, चरण तीन गंभीर 401-450 और चरण चार गंभीर प्लस 450 में आता है।