संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। डीसी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को नवंबर 2025 के अंत तक लम्मा पिंड-जंडू सिंघा मार्ग को चार लेन का बनाने का कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासनिक परिसर में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी जालंधर हिमांशु अग्रवाल ने जालंधर और होशियारपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुगम और सुरक्षित मार्ग प्रदान करने हेतु शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 11.80 करोड़ रुपये की लागत से 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से दोनों शहरों के बीच एक सीधा और परेशानी मुक्त मार्ग उपलब्ध होने से निवासियों और यात्रियों को बहुत लाभ होगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने डीसी को बताया कि सड़क का आधारभूत कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही बिटुमिन बिछाने का काम शुरू हो जाएगा।