संजीव जायसवाल, दयानंद पांडेय और महेंद्र भीष्म की पुस्तकाें का विमोचन
लखनऊ। यूपी प्रेस क्लब में शुक्रवार को राजधानी के तीन प्रमुख साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन किया गया। संजीव जायसवाल ‘संजय’ के उपन्यास ‘अभिलाषा’ एवं बाल कहानी ‘प्यारे प्यारे दोस्त’, दयानंद पांडेय के संस्मरण संग्रह ‘यादों की देहरी’ और समलैंगिकता पर केंद्रित महेंद्र भीष्म के उपन्यास ‘हां, मैं हूं’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के पूर्व निदेशक डाॅ. सुधाकर अदीब, डाॅ. सुरेद्र विक्रम, हास्य कवि सर्वेश अस्थाना और पंकज प्रसून मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश व्यंग्य सभा और अद्विक प्रकाशन की ओर से आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. पवन सिंह चौहान ने सृजन संस्था के तीस कवियों को ‘सृजन के सितारे’ सम्मान से नवाजा। इनमें प्रतिभा श्रीवास्तव, सुरभि सिंह, प्रतिभा गुप्ता, वर्षा श्रीवास्तव, रश्मि शरद, निशा सिंह नवल, अवधी हरि, निर्भय निश्छल, प्रमोद श्रीवास्तव, महेश चंद्र गुप्ता, राजीव वर्मा वत्सल और बलवंत सिंह आदि शामिल रहे। व्यंग्य पाठ सत्र में के. कांत अस्थाना की अध्यक्षता में पंकज प्रसून, अलंकार रस्तोगी, पवन जैन, परवेश जैन ने व्यंग्य पाठ किया।