आज से दो सोसाइटियों में शुरू होगी रजिस्ट्री, 15 को आएंगे मुख्यमंत्री
प्रशासन लगाएगा शिविर 1600 फ्लैटों की होगी रजिस्ट्री, 50 करोड़ का मिलेगा राजस्व
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की सीनियर सिटीजन सोसाइटी और मिगसन अल्टिमो सोसाइटी में बुधवार से शिविर लगाकर फ्लैटों की रजिस्ट्री की जाएगी। शिविर में 15 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे। वह कुछ खरीदारों को रजिस्ट्री के कागजात सौपेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को अधिकारियों ने दोनों सोसाइटियों का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया।
एआईजी द्वितीय शशि भानू मिश्रा ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर बुधवार से शुरू होगा। दोनों जगह पर 1600 फ्लैटों की रजिस्ट्री होनी है। इससे करीब 50 करोड़ का राजस्व मिलेगा। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि 15 मार्च को मुख्यमंत्री जिले में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में बिल्डरों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ ही सीनियर सिटीजन सोसाइटी और मिगसन अल्टिमो सोसाइटी में भी जाने की उम्मीद है। वहां कुछ फ्लैट खरीदारों को रजिस्ट्री के कागजात सौंप सकते हैं। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों सोसाइटियों के साथ-साथ संभावित जगहों का निरीक्षण किया।