ग्रेटर नोएडा। डीजल में मिलावट के आरोपों पर जिला आपूर्ति विभाग ने संबंधित ऑयल कंपनी को पत्र लिखकर आपूर्ति किए जा रहे डीजल की जांच कराने को कहा है। साथ ही कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक को भी तलब किया गया है। पत्र में कहा गया है कि एक विशेष कंपनी के डीजल में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं, इसलिए कंपनी अपने स्तर पर भी आपूर्ति होने वाले डीजल की जांच कराए। दरअसल, ग्रेटर नोएडा में 130 मीटर रोड स्थित दो पेट्रोल पंपों के डीजल में मिलावट की शिकायत मिली थी। शिकायत पर जिला आपूर्ति विभाग ने दोनों पंपों से डीजल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए थे और बिक्री भी बंद करा दी थी। अब मंगलवार को विभाग ने कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक को तलब किया। जिला पूर्ति अधिकारी नीलेश उत्पल ने बताया कि केवल एक ही कंपनी के पेट्रोल पंपों पर डीजल में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। ब्यूरो