पहला तेलंंगाना टाइगर्स व राजस्थान लीजेंड्स, दूसरा वीवीआईपी यूपी व रेड कॉर्पोरेट में मुकाबला आज
- पहला मैच रेड कॉर्पोरेट दिल्ली व छत्तीसगढ़ वॉरियर्स के बीच हुआ
- दूसरा मैच वीवीआईपी यूपी व राजस्थान लीजेंड्स के बीच खेला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मैदान पर शनिवार को इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग (आईवीपीएल) में चार टीमों के बीच दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच छत्तीसगढ़ वॉरियर्स और रेड कॉर्पोरेट दिल्ली के बीच हुआ। दिल्ली ने छत्तीसगढ़ को 22 रन से पराजित किया। यूपी वीवीआईपी ने राजस्थान को हरा दिया। दूसरे मैच में राजस्थान की टीम ने यूपी वीवीआईपी के लिए 158 रनों का लक्ष्य रखा। वीवीआईपी यूपी टीम ने 3 विकट के नुकसान पर 161 रन बनाकर
लक्ष्य प्राप्त कर लियापहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ वारियर्स के कप्तान मुनाफ पटेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी रेड कॉर्पोरेट दिल्ली के सलामी बल्लेबाज हर्सेल गिब्स ने सधी हुई शुरुआत की। पहले ओवर में एक रन बना और फिर दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। बल्लेबाज रिचर्ड लेवी ने चौथा ओवर करने आए अमित मिश्रा के बॉल पर 22 रन बना डाले। 7.2 ओवर में 72 रन पर टीम को पहला झटका हर्सेल गिब्स के आउट होने पर लगा। मुनाफ पटेल की गेंदबाजी से मिलिंद श्रीवर्धन के हाथों वह कैच हो गए। गिब्स ने 30 रन की पारी खेली। टीम ने दस ओवर में ही एक विकेट के नुकसान पर 100 रन पूरे कर लिए। 15 ओवर में टीम का स्कोर 189 रन रहा। 190 रन के स्कोर पर रिचर्ड लेवी आउट हो गए। विकेट अमित मिश्रा ने हासिल किया। रिचर्ड लेवी ने 52 गेंद पर छह चौके व 15 छक्कों की मदद से 133 रन की शतकीय पारी खेली। उसके बाद यशपाल को क्लीन बोल्ड किया। रेड कॉर्पोरेट ने 200 रन 17.2 ओवर में पूरे कर लिए। बल्लेबाजी के लिए आए तिषारा परेरा ने अंतिम ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। परेरा ने 14 गेंद पर 38 रन की नाबाद पारी खेली। टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। रेड कॉर्पोरेट की पारी के दौरान 16 चौके व 23 छक्के लगे। छत्तीसगढ़ के गेंदबाज अमित मिश्रा ने दो बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने पिच पर उतरी छत्तीसगढ़ टीम की खराब शुरुआत हुई। टीम का पहला विकेट तीन रन पर ही लुढ़क गया। छत्तीसगढ़ वॉरियर्स पहला झटका जतिन सक्सेना के आउट होने पर लगा। टीम ने नौ विकेट में ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। दसवें ओवर में नमन ओझा का विकेट गिरना मैच का निर्णायक पॉइंट बना। पूरी टीम 19.4 ओवर में 233 ही बना सकी। रेड कॉर्पोरेट की ओर से समीउल्लाह बेग व बिपुल शर्मा ने 4 व तीन, एश्ले नर्स ने दो व अभिमन्यु मिथुन ने एक बल्लेबाज को आउट किया। दूसरे दिन भी दर्शक मैदान से नदारद नजर आए।
उधर, दूसरे मुकाबले मे वीवीआईपी यूपी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। गेंद शुरुआती 5.1 ओवर में 21 रन पर राजस्थान टीम के तीन विकेट गिरा दिए। पावर प्ले में राजस्थान की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 26 रन बनाए। 11 ओवर में 66 रन पर आधे से ज्यादा टीम पवेलियन लौट गई। राजस्थान लीजेंड्स ने अंतिम नौ ओवरों में तीन विकेट के नुकसान 85 रन जोड़े। कप्तान एंजीलो परेरा ने 35 रन की पारी खेलकर टीम को संकट से निकाला। अंतिम ओवर में श्रीसंत ने 20 गेंदों पर 28 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 157 रन तक पहुंचाया। यूपी की ओर से क्रिस मपोफु ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। प्रवीन थापर ने दो, अनुरीत सिंह व मोनू कुमार ने एक-एक विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश टीम के बल्लेबाज भानू सेठ व अंशुल कपूर ने पांच ओवर 50 रन बनाए। दस ओवर में टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 102 बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। अंशुल कपूर ने 53 रन की पारी खेली। कप्तान परविंद्र सिंह ने 44 रन की जिताऊ पारी। टीम ने 16.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पुनीत बिष्ट ने विजय चौका लगाया। वहीं, मैन ऑफ द मैच क्रिस मपोफू को मिला।
रविवार को पहला मैच तेलंंगाना टाइगर्स और राजस्थान लीजेंड्स, दूसरा मैच वीवीआईपी यूपी व रेड कॉर्पोरेट दिल्ली के बीच खेला जाएगा। दोपहर 2 बजे से पहला मैच शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। वहीं, दूसरा मैच शाम सात से रात्रि 11 बजे तक खेला जाएगा।
-
चहेते खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने के लिए तरसे दर्शक
आईवीपीएल के दूसरे दिन भी दर्शकों के चहेते खिलाड़ी मैदान में खेलते नहीं दिखाए दिए। इससे दर्शकों को निराशा हाथ लगी। वीवीआईपी यूपी व राजस्थान लीजेंड्स मैच में यूपी के कप्तान सुरेश रैना व प्रवीण नहीं खेले। वहीं, दूसरे दिन भी दर्शक मैदान से नजर नहीं आए।