नूंह। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के 81 नए केस सामने आए वहीं रिकार्ड 7 लोगों की मौत भी हुई। इससे पूर्व एक दिन में सर्वाधिक 5 मौतें हुई थी। जिले में महामारी से मरने वालों की संख्या 79 तक पहुंच गई है। वहीं बीते 24 घंटे में 92 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया है। ऐसे में सक्रिय मरीजों की संख्या तो कम हुई लेकिन मौतों का सिलसिला नहीं रुक गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कोरोना से तावडू के छोटूनगर निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति, नूंह के वार्ड 11 निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति, गांव मालब की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला, दुबालू गांव के 70 वर्षीय बुजुर्ग, तावडू के वार्ड 7 निवासी 61 वर्षीय बुजुर्ग, गांव नई निवासी 43 वर्षीय महिला और तावडू के वार्ड चार निवासी 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ा। इन मामलों में मौत के बाद कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं बृहस्पतिवार को जिले के नूंह खंड में 35, इंडरी में 3, तावडू में 25, पुन्हाना में 13, नगीना में एक और फिरोजपुर झिरका में कोरोना के 4 मामले सामने आए। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 248 रह गई है। अभी 2237 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में अब तक कोरोना के 4530 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 4203 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 251850 सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।