- पिछले साल सितंबर में 659 करोड़ के मुकाबले इस बार 1377 करोड़ रहा
- केवल 500 व्यापारियों ने जमा किया 1698 करोड़ जीएसटी, पिछली बार थे 739 करोड़
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग के गौतमबुद्ध नगर जोन में सितंबर के जीएसटी संग्रह में रिकॉर्ड राजस्व जमा हुआ है। इस बार जीएसटी संग्रह 1377.79 करोड़ रुपये रहा है। जो पिछले वर्ष 659.04 करोड़ रुपये रहा था। पिछले साल के मुकाबले इस बार जोन के जीएसटी संग्रह में रिकॉर्ड 109 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं प्रदेश स्तर पर जीएसटी संग्रह की वृद्धि 28.62 प्रतिशत रही हैं।
जोन के अफसरों ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस साल सितंबर में जीएसटी संग्रह 718.75 करोड़ अधिक रहा है। यह वृद्धि 109.06 प्रतिशत रही है। जीएसटी संग्रह में सबसे बड़ा योगदान जिले के टॉप 500 व्यापारियों का रहा है। उन्होंने 1698.10 करोड़ का जीएसटी जमा कराया है। पिछले सितंबर में यह आंकड़ा 739.52 करोड़ रहा था। हालांकि व्यापारियों के एडजेस्टमेंट के बाद वास्तविक राजस्व संग्रह की राशि कम हो जाती है। अफसरों ने बताया कि जीएसटी संग्रह बढ़ने का मुख्य कारण इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल विनिर्माण सेक्टर हैं।
अगस्त में हुई थी 38.01 प्रतिशत की वृद्धि
अगस्त में जोन के जीएसटी संग्रह में 38.01 प्रतिशत की वृद्धि रही है। वर्ष 2025 के अगस्त माह में जहां 1115.26 करोड़ का जीएसटी संग्रह रहा था। इस अगस्त जीएसटी संग्रह 1538.93 करोड़ रहा हैं। वहीं जोन के जीएसटी संग्रह की वृद्धि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर से कई गुना अधिक रही हैं। पिछले साल के मुकाबले इस अगस्त जीएसटी संग्रह 423.67 करोड़ अधिक रहा है।
यह वृद्धि दर्शाती है कि जिले की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। साथ ही व्यापारी भी कल प्रणाली के प्रति जागरूक हैं। अब त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में जीएसटी संग्रह में और वृद्धि होने की उम्मीद हैं। -
परीक्षित खटाना, अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर जोन