- ओमिक्रॉन-1ए में 83 वर्ग मीटर एरिया के 90 फ्लैटों के लिए 18 फरवरी तक कर पाएंगे पंजीकरण, ई-नीलामी से होगा फ्लैटों का आवंट
नंबर
73.23 लाख से 74.35 लाख रुपये तक है कीमत
1 से 15वें तल पर हैं फ्लैट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण के रेडी टू मूव घर लेने का मौका मिलेगा। 130 मीटर रोड से सीधे जुड़े सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए में बनी बहुमंजिला सोसाइटी में 2बीएचके फ्लैटों की योजना 28 जनवरी को लांच होगी। पहले चरण में 90 फ्लैटों की बिक्री होगी। फ्लैटों का आवंटन ई-नीलामी से होगा। इन फ्लैट का रिजर्व प्राइस 73.23 लाख रुपये से लेकर 74.35 लाख रुपये तक है।
बोर्ड से मंजूरी के बाद आवासीय फ्लैट की योजना दो चरण में लांच की जानी है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक यहां करीब 350 फ्लैट आवंटित नहीं हुए हैं। सीईओ एनजी रवि कुमार ने संपत्ति विभाग को इन रिक्त फ्लैटों का आवंटन ई-नीलामी से करने के लिए प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है। पहले चरण में सोसाइटी के आई ब्लॉक के 90 फ्लैटों की स्कीम लांच होगी। फ्लैटों का कार्पेट एरिया 83.38 वर्ग मीटर और सुपर एरिया 104.70 वर्ग मीटर हैं। फ्लैट पहले तल से लेकर 15वें तल तक मौजूद हैं। योजना के तहत 28 जनवरी से 18 फरवरी तक पंजीकरण कराए जा सकते हैं। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस की प्रक्रिया 20 फरवरी तक पूरी करनी होगी। जबकि जरूरी दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 23 फरवरी रहेगी।
एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट greaternoidaauthority.in पर पूरी जानकारी रहेगी। वहीं पंजीकरण के लिए प्रक्रिया gnida.etender.sbi पर पूरी करनी होगी। सबसे अधिक बाेली लगाने वाले खरीदार को तय समयावधि में लीज डीड की प्रक्रिया पूरी करा दी जाएगी। एकमुश्त भुगतान करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। किस्तों में भुगतान का विकल्प चुनने वाले आवेदकों को दो साल में 4 किस्तों भी भुगतान करने की सुविधा मिलेगी।