रबूपुरा में अवैध रूप से बनाई जा रही कच्ची शराब के साथ पकड़े गए गिरोह के सदस्य।
- फोटो : Grnoida
रबूपुरा। कोतवाली पुलिस ने तकीपुर गांव के खेत में कच्ची शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि पांच फरार हो गए। साथ ही, 80 लीटर शराब के साथ अन्य सामान बरामद किया है।
डीसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध शराब बनाने और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत रबूपुरा कोतवाली पुलिस को तकीपुर गांव के एक खेत में कच्ची शराब बनने की सूचना मिली थी। यह इलाका हरियाणा की सीमा से लगा हुआ है। मंगलवार रात को छापा मारकर पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के चंडीगढ़ गांव निवासी मक्खन और सुंदर सिंह को गिरफ्तार किया। जबकि अमरीक, जगदीश, मंगल सिंह, गुरमीत और दलवीर सिंह फरार हो गए। पुलिस ने दो पतीले, एक पाइप, 30 लीटर अधबनी व 50 लीटर बनी कच्ची शराब, दो ड्रम, 10 किग्रा गुड़, नौसादर और 5 किलो यूरिया बरामद किया है। सभी सामान को जब्त कर शराब को नष्ट करा दिया गया है। लॉकडाउन में शराब की मांग बढ़ गई थी। इसे देखकर आरोपियों ने कच्ची शराब बनाने का काम शुरू किया था। पॉलीथिन की पैकिंग में शराब की बिक्री की जा रही थी। आरोपियों का नेटवर्क गांवों में फैला हुआ है। पुलिस मामला दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
यूरिया से बनाते थे शराब
पुलिस का कहना है कि आरोपी यूरिया और ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल कर कच्ची शराब बना रहे थे। जानकारों का कहना है कि अगर इनकी मात्रा तय मानकों से जरा भी अधिक या कम हो जाए तो शराब जहर बन सकती है।
रात्रि कर्फ्यू में शराब पीते 23 गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने रात्रि कर्फ्यू में कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। मंगलवार और बुधवार को भी पुलिस की टीम ने सार्वजनिक थानों पर पैदल मार्च के साथ विशेष अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले 23 लोगों को पकड़ा गया है। इनके खिलाफ धारा 290 के तहत कार्रवाई की गई।