फिरोजपुर झिरका। क्षेत्र के एक गांव में पहाड़ पर मवेशी चराने गई आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हताया करने का मामला सामने आया है। जिला पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया ने शुक्रवार को घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच पुलिस टीम का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक ने इस घटना को बहुत ही दर्दनाक, कायराना बताते हुए कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस की पांच टीम गठित की गई है।
तीन टीम अरावली की पहाड़ी पर घटना स्थल की जांच कर रही है और दो टीम आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई कर रही है। उन्होंने पीड़ित परिजनों के साथ गांव के ग्रामीणों से कहा की किसी भी हालत में छोटे बच्चों को मवेशी चराने अरावली की पहाड़ियों में न भेजे। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा जागरूक अभियान चलाया जाएगा। राजस्थान की पुलिस के साथ मिलकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
फिरोजपुर झिरका डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को बच्ची रोज की तरह अपने परिजनों के कहने पर अरावली की पहाड़ियों पर मवेशी चराने गई थी। जब वह शाम को नहीं लौटी तो परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया, कई ग्रामीणों ने पूरी रात बच्ची को अरावली की पहाड़ियों में ढूंढा लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार, ग्रामीणों को बच्ची का शव अरावली की पहाड़ी पर मिला।
बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी चुन्नी से गला घोंटकर मारा गया था। पूर्व डिप्टी स्पीकर एवं जजपा नेता आजाद मोहम्मद भी घटनास्थल पर ग्रामीणों के साथ पहुंचे उन्होंने आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग की। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया है।