नोएडा (संवाद)। शहर की रामलीला समितियों ने रविवार को भूमि पूजन के साथ ही रामलीला मंचन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम और सेक्टर-12 स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय में हवन व वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन किया गया।
आदर्श प्राथमिक विद्यालय में श्री बजरंग रामलीला संचालिका न्यास की ओर से आयोजित भूमि पूजन में समिति के सहायक निदेशक अशोक पांडे ने बताया कि रामलीला के जरिये भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और मर्यादा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में शालिनी सिंह, महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, दीपक विग, फिरे सिंह नागर, ललित आवाना, विक्रम चौधरी और संदीप सिसोदिया सहित समिति के पदाधिकारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूजन के उपरांत प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं, सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में सनातन धर्म रामलीला समिति की ओर से भूमि पूजन किया गया। समिति के महासचिव संजय बाली ने बताया कि यहां रामलीला का मंचन बीते 41 वर्षों से किया जा रहा है। इस वर्ष 11 से 21 अक्टूबर तक रामलीला का मंचन होगा। इस अवसर पर सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व विधायक विमला बाथम, मधुसूदन दादू और पीयूष द्विवेदी समेत समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।