दादरी (संवाद)। रेलवे रोड स्थित अग्रसेन इंटर कॉलेज परिसर में लव कुश धार्मिक रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला महोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। कमेटी अध्यक्ष पवन बंसल ने बताया कि रामलीला का शुभारंभ आठ अक्टूबर को होगा और दशहरा पर रावण दहन के बाद 21 अक्टूबर तक आयोजन चलेगा। लीला मंचन के लिए 110 फीट चौड़ा और 40 फीट गहरा मंच तैयार किया जा रहा है।
रामलीला निर्देशक हरिकृष्ण ने बताया कि आयोजन की शुरुआत महालक्ष्मी नृत्य नाटिका से होगी। इस बार 35 कलाकार लीला का मंचन करेंगे, जिनमें 10 महिला कलाकार शामिल हैं। राम, लक्ष्मण और सीता की भूमिका निभाने वाले कलाकार मुंबई से आएंगे, जो टीवी धारावाहिकों में काम करते हैं। वहीं कुंभकर्ण की भूमिका दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत टेक्नीशियन निभाएंगे।