नोएडा(संवाद)। सेक्टर-82 पॉकेट-12 में चल रही राम कथा के तीसरे दिन रविवार को राम जन्मोत्सव बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद महाराज ने भक्तों को नारद मोह, जय-विजय श्राप और राम जन्म के भावपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे नारद की तपस्या को कामदेव भंग नहीं कर सके, परंतु अहंकार आने पर भगवान विष्णु ने अपनी माया से उनका अभिमान दूर किया। इसके बाद उन्होंने राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ और भगवान श्रीराम के जन्म की कथा सुनाई। जैसे ही कथा में राम जन्म का प्रसंग आया, कथा स्थल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति-संगीत की मधुर धुनों पर झूम उठे। आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी देव मणि शुक्ल ने बताया कि 6 अक्टूबर को कथा में बाल लीला, विश्वामित्र यज्ञ रक्षा और अहिल्या उद्धार जैसे प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।