-भूजल स्तर सुधारने के लिए स्कूलों व सरकारी भवनों में लगाए गए थे रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
शेरसिंह डागर
नूंह। जिले में गिरते भू जलस्तर को बढ़ाने के लिए लगाए गए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बिना देखरेख के कंडम हो चुके हैं। ऐसे में जलस्तर कैसे बढ़ेगा यह बड़ा सवाल है। जिले के सरकारी स्कूल व सरकारी भवन व आम स्थानों पर लगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम देखरेख के अभाव में पूरी तरह से ठप हैं। जिससे जल संरक्षण व पानी का लेवल बढ़ाने के लिए शुरू किए गए प्रयास सिरे नहीं चढ़ रहे हैं। मेवात क्षेत्र के गांवों में पानी का स्तर काफी नीचे जा चुका है।
बता दें कि फिरोजपुर झिरका के ग्रामीण अंचल में पहाड़ से सटे दर्जन भर गांवों में पानी 800 फुट नीचे जा चुका है। इसके अलावा मेवात क्षेत्र के गांव घाघस, कोटला, कंसाली, रेवासन, बाजडका तथा कई दर्जन गांव ऐसे जहां का जल स्तर कई-कई सौ फीट नीचे है। इन गांवों में जो पानी है भी वह खारा है। इसलिए सरकार की ओर से स्कूल, सरकारी भवन व शहर के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा के पानी को संचित करने के लिए रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की प्रक्रिया कई वर्ष पहले शुरू की गई। ताकि वर्षा के पानी को सिस्टम के माध्यम से जमीन के अंदर भेजा जा सके। योजना के अनुसार मेवात के सैकड़ों स्कूलों के अलावा फिरोजपुर झिरका के गांव नावली, फिरोजपुर शहर तथा नूंह के सभी सरकारी कार्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए थे। जिन पर सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च किए थे। देखरेख के अभाव में स्कूलों में लगे यह सिस्टम कंडम हो चुके हैं। शहर के रेड क्रास सोसाइटी के कार्यालय के पास लगा सिस्टम लंबे समय से खराब है। फिरोजपुर झिरका में अधिकांश रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम कंडम पड़े हैं। आरोप है कि इनकी तरफ ने तो कभी प्रशासनिक अधिकारियों ने ध्यान दिया न ही जन प्रतिनिधियों ने कोई कदम उठाया।
-
भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए बरसात के पानी को जमीन के अंदर पहुंचाने के लिए यह सिस्टम सबसे बेहतर है। लेकिन लोग अभी भी पूरी तरह से पानी की महत्वता को नहीं समझ रहे हैं। आगे चलकर यह समस्या और घातक साबित होगी। मेवात में पानी खारा है। इसलिए यहां इस पर और भी अधिक काम करने की जरूरत है। -इब्राहिम, सदस्य जल बिरादरी संगठन।
भाजपा सरकार ने केवल झूठी योजनाएं ही बनाई हैं। मेवात में अगर पानी का स्तर ऊपर आ जाए तो यहां पर लोगों को पेयजल समस्या से भी निजात मिल सकती है। इसके लिए उचित प्रयास की जरूरत है।
- आफताब अहमद, विधायक नूंह
-
जिले के स्कूलों व सरकारी भवनों के कार्यालय परिसर में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम इसलिए लगाए ताकि पानी का लेवल बढ़ सके। हो सकता है कहीं कोई खराबी आई हो। उसे दुरुस्त कराया जाएगा।
- विश्राम मीणा, डीसी नूंह।