इस हफ्ते जारी रहेगी बारिश, तेज हवाएं भी चलेंगी
नोएडा। शहर में मौसम की आंख मिचौली का दौर लगातार जारी है। जहां एक ओर शनिवार रात शहर में जमकर बारिश हुई। वहीं, रविवार को धूप खिली नजर आई। आने वाले दिनों में पल पल बदलते मौसम के नजारे लोगों को देखने को मिलेंगे। शनिवार बारिश के बाद तापमान दो डिग्री तक कम हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में यह सिलसिला जारी रह सकता है। शहर में एक नये पश्चिमी विक्षोभ का आगमन 17 अप्रैल को हो चुका है। जिसके चलते शुक्रवार को बादलों की आवाजाही आसानी से देखी गई। वहीं, शनिवार शाम बारिश हुई। यह पश्चिमी विक्षोभ अभी भी मौसम पर असर डाल रहा है। यह असर 27 अप्रैल तक रहेगा। जिसके चलते रुक रुककर तेज हवाएं, बारिश की संभावनाएं रहेंगी। 20 अप्रैल से हल्की बूंदाबांदी और 23- 24 को तेज बारिश हो सकती है। 27 के बाद जब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव हटेगा तब मौसम साफ होने का अनुमान है। आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी कमी आएगी। ब्यूरो