भाजपा सांसदों ने कहा - केजरीवाल के हठ के कारण दिल्ली के लाखों लोग स्वास्थ्य सुविधा से वंचित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आयुष्मान भारत योजना दिल्ली में लागू नहीं होने पर भाजपा ने दिल्ली सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि न्यायालय के कहने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हठ के कारण दिल्ली के लाखों लोग स्वास्थ्य सुविधा से वंचित हो रहे हैं।
मंगलवार को प्रेसवार्ता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चांदोलिया, बांसुरी स्वराज व प्रवीण खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि ओडिशा सरकार ने आयुष्मान योजना को लागू कर दिया है। दिल्ली और बंगाल को छोड़कर योजना सभी राज्यों में लागू है। इससे स्पष्ट है कि केजरीवाल व ममता बनर्जी सिर्फ अपने बारे में ही सोचते हैं। तत्कालीन वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया के 2020-21 में दिए गए भाषण का वीडियो क्लिप दिखाते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि इस योजना का लाभ दिल्ली के लोगों को दिलवाने की मंजूरी दी, फिर इससे मुकर गए। यह योजना इतनी ही खराब है तो पंजाब में आप सरकार ने इसे क्यों लागू किया है।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आयुष्मान योजना का दूसरा पहलू है पीएम-अभीम योजना यानी प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन है। इसकी घोषणा फरवरी 2021 में की गई थी और अक्तूबर 2021 में लांच किया गया था, ताकि हेल्थ स्ट्रक्चर में अपग्रेडेशन हो सके। दिल्ली के लिए 2406.77 करोड़ रुपये आवंटन भी किया गया। योजना के तहत 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज परिवार को मिलता है, लेकिन दिल्ली में केजरीवाल ने इसे लागू नहीं किया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आयुष्मान योजना को लागू करने की जगह दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुप्रीम कोर्ट इसे रोकने के लिए चले गए हैं। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने विधानसभा के पटल पर बोला था कि दिल्ली में आयुष्मान योजना को लागू करेंगे। सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि राजनीति मतभेद लोकतंत्र की खूबी है, लेकिन इस कारण लाभकारी योजनाओं को दूर रखा जा रहा है। सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने कहा केजरीवाल अनुसूचित जाति, गरीब, ओबीसी समाज विरोधी हैं।