ग्राम पंचायत दादों के मजरा नगला झंडा निवासी युवक पुष्पेंद्र यादव (28) सोमवार सुबह सांप ने डस लिया है। डेढ़ माह के भीतर उनके साथ सांप के डसने की यह तीसरी घटना हुई है। युवक और उसका परिवार दहशत में है।
दो बार इलाज कराया, लेकिन इस बार परिजनों में अंधविश्वास इतना घर कर गया कि बायगीरों से झाड़-फूंक करा रहे हैं। सांप एक ही है या अलग-अलग सांप डस रहे हैं, इसकी जानकारी न उसे है और न ही परिजनों को है। एक बार ही उसने सांप को देखा है। पुष्पेंद्र गांव के आराम सिंह के पुत्र हैं और छर्रा क्षेत्र के गांव नगला मोहन स्थित गोल मढ़ी पर उनका मेडिकल स्टोर है।
पहली बार उन्हें एक अगस्त को उस समय सांप ने डसा था, जब वह दुकान के पास ही लघुशंका करने गए थे। उस समय सीधे पैर के अंगूठे पर सांप ने डसा। तब उन्होंने करीब चार-पांच फीट लंबा सांप देखा भी था। परिजन उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ लाए और यहां उन्हें एंटी वेनम वैक्सीन लगाई गई। पिछले शुक्रवार को मेडिकल स्टोर में ही सांप ने पैर में डसा। परिजन एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उनका उपचार हुआ।
सोमवार की सुबह करीब चार बजे तीसरी बार घर पर ही सांप ने उन्हें डस लिया। इस बार सोते समय हाथ में डसा है। उनका हाथ सुन्न हो रहा है। इस बार परिजन उन्हें चिकित्सक के पास नहीं ले गए बल्कि घर पर ही बायगीरों को बुलाकर झाड़-फूंक करवाई, चिकित्सकों का कहना है कि इलाज न कराना उनकी जान को खतरे में डाल सकता है।
-हर सांप जहरीला नहीं होता है। यह भी संभव नहीं है कि एक सांप ही किसी व्यक्ति को बार बार डसे। एक बार डसने के बाद सांप के जहर की पोटली खाली हो जाती है और दोबारा जहर बनने में काफी समय लगता है। सांप के डसने के बाद झाड़-फूंक नहीं पड़ना चाहिए। एंटी वेनम वैक्सीन लगवाई चाहिए।-डॉ. दिनेश खत्री, एसीएमओ