मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट एप के लिए नहीं मिल रहे जनता के सुझाव
- एनएमआरसी ने जुलाई तक बढ़ाई समयसीमा, सुझाव देने पर इनाम का भी प्रावधान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट एप तैयार करने की योजना नोएडा मेट्रो रेल निगम (एनएमआरसी) ने बनाई है। जनता के सुझाव पर इस एप को तैयार किया जाना है, लेकिन दो सप्ताह बाद भी जनता ने इस योजना में रुचि नहीं दिखाई है। अब तक कोई सुझाव एनएमआरसी को नहीं मिला है। ऐसे में यात्रियों को उनके अनुभव साझा करने के लिए समय सीमा एक जुलाई तक बढ़ा दी गई है। एनएमआरसी की ओर से जारी इससे संबंधित प्रश्नावली को भरने वाले पहले 100 लोगों को इनाम भी दिया जाएगा।
दरअसल, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बसों के साथ अन्य परिवहन सेवाओं को विकसित करने के लिए एनएमआरसी को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है। एनएमआरसी की तरफ से एक एप तैयार करने की योजना बनाई गई है, जिसके जरिये यात्री अपनी जरूरत के अनुसार बस, ऑटो, बैटरी रिक्शा, कैब और साइकिल रिक्शा आदि परिवहन के सभी साधनों की जानकारी कहीं से भी ले सकें। एप के जरिये ही बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इस एप के जरिये लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर जोर है। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए इस एप को पुलिस के सर्वर के साथ जोडऩे की भी योजना है।
इसके लिए 23 मई को एनएमआरसी की ओर से सुझाव एकत्रित करने के लिए सुझाव मांगे गए थे। 24 जून तक सुझाव दिए जाने थे। इसके लिए क्यूआर कोड का लिंक भी जारी किया गया था, लेकिन अब तक कोई सुझाव नहीं मिला है। साथ ही, एक्वा लाइन के तीन मेट्रो स्टेशनों नॉलेज पार्क, परीचौक और सेक्टर-51 पर हार्ड कॉपी भरकर सुझाव देने की शुरूआत भी की है। इससे एनएमआरसी को यात्रियों की प्राथमिकताओं को समझते हुए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।