फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: दिल्ली पहुंचने से पहले ही बॉर्डर पर रोक दिए जाएंगे प्रदर्शनकारी

विज्ञापन
विज्ञापन
- सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, चिल्ला बॉर्डर पर सीमेंटेड बैरिकेडिंग, सभी रास्तों पर सख्त चेकिंग
विज्ञापन

500 से ज्यादा समर्थक नजरबंद
3 पीएसी कंपनियां संभालेंगी मोर्चा

माई सिटी रिपोर्टर

नोएडा। दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा पुलिस ने बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पहुंचने से पहले ही रोकने के लिए दिल्ली जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर निगरानी बढ़ा दी गई है। चिल्ला बॉर्डर पर सीमेंटेड बैरिकेडिंग कर रास्ते सीमित कर दिए गए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने 500 से अधिक लोगों को नजरबंद किया। शनिवार सुबह से दिल्ली जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका वाले लोगों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में सीजेपी की ओर से दिल्ली में प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसे देखते हुए नोएडा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। शुक्रवार सुबह से ही पुलिस ने संभावित प्रदर्शनकारियों और समर्थकों को नजरबंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी। रात तक यह अभियान जारी रहा। बॉर्डर के आसपास भी पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच के दौरान चालकों से यात्रा का कारण पूछा जाएगा। आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही के लिए व्यवस्था रखी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका मिलने पर संबंधित लोगों को दिल्ली जाने से रोका जाएगा। पुलिस का जोर बॉर्डर पर ही प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने से रोकने पर है।
विज्ञापन


स्कूल-कॉलेज से कंपनियों तक निगरानी

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने स्कूल-कॉलेज, कंपनियों, होटलों और पीजी में ठहरने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर सीजेपी और विपक्षी दलों से जुड़े हैंडल की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी संवेदनशील इलाकों पर नजर रखेगी। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका वाले लोगों की पहचान करने के लिए अलग-अलग स्तर पर सूचनाएं जुटाई जा रही हैं।

ड्रोन से की जा रही निगरानी

बॉर्डर पर किसी भी तरह की भीड़ जुटने और अचानक गतिविधि बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन से निगरानी शुरू की है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए तीन पीएसी कंपनियां तैनात की जाएंगी। इनमें एक कंपनी जिले की है, जबकि दो अन्य जिलों से बुलाई गई हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए। थानास्तर पर पुलिसकर्मियों को पैदल मार्च कर क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बॉर्डर के पास मेट्रो स्टेशनों पर भी नजर

नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाले मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहेंगी। सेक्टर-15 और ओखला बर्ड सेंचुरी समेत संवेदनशील स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश और निकास नियंत्रित किए जा सकते हैं। मेट्रो परिसरों में सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों की रहेगी।

प्रदर्शनकारियों की पहचान करना चुनौती

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि दिल्ली जाने वाले रास्तों पर सघन चेकिंग की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की पहचान बॉर्डर पर ही कर ली जाए, ताकि वे दिल्ली में प्रवेश न कर सकें। इसके लिए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।


असांविधानिक तरीके से सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घेरा हुआ है। 20 से ज्यादा नेता-कार्यकर्ता हाउस अरेस्ट किए गए हैं। मेरी तलाश में भी पुलिस लगी हुई है। यह लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के लिए तानाशाही रवैया है। -
आश्रय गुप्ता, महानगर अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी।
कांग्रेस के करीब आठ से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके ही घर पर नजर बंद कर लिया है। यह आलोकतांत्रिक व्यवहार है, सभी को अपनी बात रखने, प्रदर्शन का हक है। -मुकेश यादव, अध्यक्ष, महानगर कांग्रेस कमेटी नोेएडा
किसान यूनियन प्रमुखों को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है, अपने हक की बात रखने से रोका जा रहा है, चुनाव प्रक्रिया सही हो, लोगों के गलत तरीके से वोट काटे गए, जिससे वोट देने से भी नागरिकों का हक खत्म किया जा रहा है-सुखबीर सिंह (खलीफा), अध्यक्ष, भारतीय किसान परिषद
विज्ञापन


सीजेपी प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट पर है, पुलिस की नोएडा बॉर्डर दिल्ली पर तैनाती की गई है, सघन चेकिंग अभियान चलाकर सीजेपी के प्रदर्शनकारियों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोका जाएगा। -राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था), नोेएडा पुलिस कमिश्नरेट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें