वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के आजाद पार्क (कच्ची बाग) मोहल्ले में शनिवार को मीटर बदलने पहुंची बिजली विभाग की टीम का लोगों ने विरोध किया। आरोप है कि टीम के साथ लोगों ने मारपीट की और मीटर तोड़ दिया।
पुलिस ने जेई की तहरीर पर 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। लोगों का कहना था कि बिना पूर्व सूचना या अनुमति के मीटर बदले जा रहे हैं, जबकि उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। बिजली निगम के कर्मचारियों ने बताया कि मीटर बदलने का कार्य उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किया जा रहा है। इसी बीच कुछ उपभोक्ताओं ने मीटर तोड़ दिया और विभागीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। भीड़ में शामिल लोग जेई अमन कुमार सिंह से उलझ गए।
बिजली कर्मचारियों ने मामले की सूचना जैतपुरा पुलिस को दी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो उपद्रव कर रहे लोग भाग निकले। एसओ जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।