नोएडा। सेक्टर-128 स्थित जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के कॉर्पोरेट ऑफिस में भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। कंपनी के लीगल डिप्टी मैनेजर कुशाग्र गौतम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 मई को फर्म संचालक पंकज अवाना अपने पिता और 5-6 अन्य लोगों के साथ ऑफिस पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने वहां कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। शिकायत के अनुसार, कंपनी इस समय आर्थिक संकट के कारण दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही है। इसी दौरान भुगतान और ठेकों से जुड़े मामलों की जांच चल रही है। कंपनी का कहना है कि पंकज अवाना की फर्म का करीब 24.57 लाख रुपये का भुगतान लंबित है। कंपनी के मुताबिक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उक्त देनदारी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड की है या जय प्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड की। ब्यूरो