पलिया में ट्रेनों का संचालन शुरू करने व ब्राॅडगेज की मांग को लेकर आयोजित सभा में मौजूद लोग। संव
पलियाकलां। मैलानी से नानपारा के बीच छोटी रेल लाइन को बंद कर पलिया होते हुए बड़ी रेललाइन की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने रेलवे स्टेशन पर धरना दिया। सभी ने रेलमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को साैंपा।
शनिवार को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व अन्य आम लोग रेलवे स्टेशन परिसर पर पहुंच गए थे और यहां ही धरना व सभा का आयोजन किया गया। लोगों ने बताया कि पलिया से नानपारा के बीच चार माह से छोटी रेल लाइनों का संचालन बंद कर दिया गया है। इस वजह से गरीब तबके के लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
पूर्वांचल जाने वाले लोगों को ट्रेन से जाने के लिए लखनऊ होकर जाना पड़ रहा है। रेल महकमे ने जानबूझकर ट्रेनों का संचालन बंद किया है और इस रूट से छोटी रेललाइन को हटाने का प्रयास किया जा रहा है। यह पलिया के लोग होने नहीं देंगे और ब्राॅडगेज रेल लाइन पलिया से होकर नानपारा तक निकालने की मांग करते रहेंगे।
लोगों की मांग है कि जब तक ब्राॅडगेज का कार्य शुरू नहीं होता, तब तक छोटी रेललाइन का संचालन मैलानी से नानपारा तक हो और जल्द ही पलिया होते हुए नानपारा तक ब्राॅडगेज का कार्य शुरू कर उसको जल्द से जल्द पूरा किया जाए। धरने को कई संगठनों ने अपना समर्थन दिया है। इसमें अखिल भारतीय किसान महासभा, अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन, भारतीय भोजपुरी समाज, भारतीय किसान यूनियन, चीनी मिल मजदूर संगठन, शारदा वक्र्स एसोसिएशन आदि शामिल हैं। उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज करने की बात कही।