कम्युनिटी सेंटर बंद करने का आरोप लगाते हुए किया प्रदर्शन
करोड़ों खर्च करने के बाद भी सुविधाओं से वंचित हैं निवासी
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना सिटी की एटीएस एल्योर सोसाइटी के निवासियों को करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कम्युनिटी सेंटर को बंद करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने प्रदर्शन किया।
हंगामे और पुलिस के पहुंचने के बाद कम्युनिटी सेंटर को खोला गया, इसके बाद एओए की बैठक हुई। सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि बेसमेंट में पानी भर जाता है, इससे इमारत की नींव को नुकसान पहुंच रहा है। कई बार मुद्दा उठाने के बाद भी बिल्डर ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है। एओए की बैठक में पदाधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिए प्रवेश द्वार पर पर्याप्त सुरक्षा गार्ड भी नहीं हैं। इसके अलावा कैंपस के अंदर लावारिस कुत्तों की संख्या बड़ी तेजी से बढ़ी है। पिछले एक सप्ताह में लावारिस कुत्ते चार लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। तीन दिन पहले कुत्तों ने सोसाइटी के अंदर वॉक कर रहे डेंटिस्ट डॉ निशांत दास पर हमला कर दिया था। बिल्डर की ओर से इन घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
सोसाइटी में रहने वाले डेंटिस्ट डॉ निशांत दास पर कुत्तों के हमले के बाद लोग एकजुट हुए थे। रविवार को सभी सोसाइटी की बैठक करना चाहते थे लेकिन बिल्डर ने मीटिंग हॉल बंद करा दिया था। इस पर हंगामा और नारेबाजी भी हुई थी। लोगों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई थी और बिल्डर से बात करके हॉल खुलवाया था। इसके बाद मामला शांत हुआ था। सोसाइटी के अंदर हैं कई समस्याएं
सोसाइटी के ओमेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि कैंपस के अंदर कई समस्याएं हैं। कई प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्ड नहीं रहते हैं। इससे कभी भी बाहरी लोग बिना रोकटोक के अंदर आ जाते हैं। कैंपस के अंदर बेसमेंट में पानी भर जाता है। इससे बिल्डिंग की नींव भी कमजोर हो रही है। लावारिस कुत्तों का जमावड़ा तो कैंपस के अंदर हमेशा लगा रहता है।