विशटाउन में अपनी मांगो को लेकर प्रर्दशन करते लोग।
- प्राधिकरण से मुलाकात के बाद भी नहीं मिली राहत, सुरक्षा रियल्टी के खिलाफ प्रदर्शन
फोटो-
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-131, 133 और 134 स्थित जेपी विशटाउन के निवासियों का सुरक्षा रियल्टी लिमिटेड के खिलाफ धरना बृहस्पतिवार को आठवें दिन भी जारी रहा। निवासी 23 अक्तूबर से सेक्टर-134 स्थित क्लब-15 और कोसमोस के बाहर दिन-रात प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि अतिरिक्त साझा क्षेत्र रखरखाव शुल्क (एसएएम) लगाने के फैसले पर रोक लगाई जाए।
निवासियों के अनुसार, बिल्डर ने एक नवंबर 2026 से एसएएम शुल्क लागू करने के लिए ईमेल भेजा है, जबकि वे पहले से ही सीएएम शुल्क दे रहे हैं। फ्लैट की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) फीस 825 रुपये प्रति वर्ग फुट किए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई है। निवासियों ने रखरखाव सेवाओं में कर्मचारियों की संख्या कम करने और परियोजना का काम अधूरा होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एनसीएलटी के आदेश के बावजूद 106.90 करोड़ रुपये का आईएफएमएस फंड नहीं मिला है। इसके अलावा बकाया पांच हजार रुपये होते ही बिना पूर्व सूचना बिजली काट दी जाती है। निवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे हैं। सोमवार को विधायक तेजपाल नागर और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी प्राधिकरण के साथ बैठक कराई थी। इसके बावजूद राहत नहीं मिलने पर निवासियों ने धरना जारी रखने का निर्णय लिया है।
विशटाउन में अपनी मांगो को लेकर प्रर्दशन करते लोग।