ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की महागुन मायवुड्स और श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के वासियों ने रविवार को बिल्डरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के निवासी जरूरी सुविधा देने के साथ समस्याओं का समाधान करने की मांग कर रहे हैं। जबकि महागुन मायवुड्स सोसाइटी के निवासी पानी बिल और मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने का विरोध कर रहे हैं।
महागुन मायवुड्स सोसाइटी वासियों ने बताया कि बिल्डर ने वर्ष 2017 से 2020 तक का पानी का बिल मांगा था। जबकि मेंटेनेंस शुल्क में पानी का बिल शामिल रहता है जो करीब डेढ़ करोड़ रुपये का है। निवासियों ने इसका विरोध कर जिला प्रशासन से शिकायत की थी। एडीएम ने सुनवाई के बाद ग्रेनो प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। जिस पर अभी तक कुछ नहीं हुआ। अब बिल्डर ने 17 फरवरी को फिर से निवासियों के पास नोटिस भेजकर पानी बिल और बढ़ा हुआ मेंटेनेंस शुल्क जमा करने को कहा है। चेतावनी दी है कि अगर निवासियों ने पैसा जमा नहीं किया तो बिजली मीटर से शुल्क काटना शुरू करेंगे।
बिल्डर के नोटिस के विरोध में निवासियों ने रविवार को सोसाइटी में प्रदर्शन किया। महागुन मायवुड्स ओपन हाउस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रांत सिंह ने बताया कि सभी ने फैसला लिया है कि सोमवार को फिर से एडीएम से शिकायत कर बिल्डर पर कार्रवाई करने और अनैतिक मांग से छुटकारा दिलाने की गुहार लगाई जाएगी। इस मौके पर सुरेश यादव, कपिल त्यागी, राकेश कुमार, मुकेश पांडेय, निशांत मिश्रा, मुकेश मित्तल, रेणु धीर, कृष्ण झा, अमित सक्सेना, रविंद्र, अमित, तुषार कपूर आदि मौजूद रहे।
नहीं मानी मांग तो दूसरे दिन भी किया प्रदर्शन
श्री राधा स्काई गार्डन के निवासियों ने मांगों को पूरा करने के लिए बिल्डर को शनिवार शाम तक का समय दिया था, लेकिन बिल्डर ने मांगों को पूरा नहीं किया। इस पर रविवार को सोसाइटी वासियों ने फिर से बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासी जरूरी सुविधाएं देने के साथ-साथ बेसमेंट में पानी टपकने और अन्य समस्याओं से परेशान हैं। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर बिसरख पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बिल्डर निवासियों के साथ बैठक करने को तैयार हुआ। लोगों ने चेतावनी दी है अगर बिल्डर ने मांग नहीं मानी तो यूपी रेरा, ग्रेनो प्राधिकरण और जिला प्रशासन से शिकायत की जाएगी।