फोटो
केप टाउन सोसाइटी में एओए के खिलाफ प्रदर्शन
निवासियों ने पारदर्शिता की उठाई मांग, कहा बुनियादी सुविधाओं से संतुष्ट नहीं
नोएडा। सेक्टर-74 स्थित केप टाउन सोसाइटी में शनिवार को कुछ निवासियों ने अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) की कार्यप्रणाली के विरोध में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने सोसाइटी के वित्तीय प्रबंधन और विकास कार्यों में पारदर्शिता बरतने की मांग की। आरोप है कि कई महत्वपूर्ण फैसले सामान्य सभा की मंजूरी के बिना लिए गए। कार्यों के आवंटन में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने यह भी कहा कि सोसायटी में नियमित मेंटेनेंस पर बड़ा खर्च होने के बावजूद बेसमेंट की विद्युत व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। निवासियों ने मामले की जांच कराने के लिए जिला प्रशासन को शिकायत देने और जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। वहीं, एओए अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सीमित संख्या में लोगों की ओर से विरोध किया जा रहा है और अधिकांश निवासी एओए के कार्यो से संतुष्ट हैं।