नोएडा। जिले में 25 मार्गों पर माल ढुलाई के भारी व मध्यम वाहनों की नो एंट्री के नियम का विरोध शुरू हो गया है। नोएडा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने ज्ञापन के जरिये 500 ट्रांसपोर्टरों की समस्या को उठाया है। बृहस्पतिवार को सेक्टर-14ए ट्रैफिक कंट्रोल रूम में ज्ञापन सौंपने पहुंचे ट्रांसपोर्टरों का कहना था कि इस नियम से 5 हजार वाहनों के सामने चक्का जाम जैसी नौबत आ जाएगी। उन्होंने लार्ज गुड्स व्हीकल (एलजीवी) को प्रतिबंध के दायरे से बाहर रखने की मांग उठाई है।
ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा के 19 और ग्रेटर नोएडा व दादरी के 6 मार्गों पर सुबह 7 से 10 एवं शाम 5 से रात 10 बजे के बीच भारी व मध्यम वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने चालान काटने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इससे ट्रांसपोर्टरों में रोष है। ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने कहा कि नो एंट्री के नियम को लेकर ट्रांसपोर्टरों में भ्रम की स्थिति है। कोविड-19 की वजह से कारोबार पटरी से उतरा हुआ है।
वहीं, लगातार बढ़ रही डीजल की दरों की दोहरी मार के बीच ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से ट्रांसपोर्टर बुकिंग लेने से कतरा रहे हैं, क्योंकि नो एंट्री के नाम पर भारी जुर्माना किया जा रहा है। एसोसिएशन उपाध्यक्ष हाजी हिसामुद्दीन, महासचिव बिट्टू परमार, अशोक शर्मा, संजीव शर्मा व श्रीकुमार ने कहा कि एलजीवी श्रेणी के तहत 4 व 6 पहिया वाहनों को नियम से छूट देनी चाहिए। सिर्फ हैवी गुड्स व्हीकल (एचजीवी) पर ही नियम लागू होना चाहिए।
औद्योगिक क्षेत्र फेज-1, 2 व 3 के वैकल्पिक मार्ग प्रतिबंधित नहीं किए जाएं। ट्रांसपोर्टर नगर को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्गों से नो एंट्री खत्म की जाए। साथ ही, नो एंट्री का समय सुबह 7:30 से 10:30 बजे और शाम 5:30 से रात 10:30 बजे तक निर्धारित किया जाए।
हनुमान मंदिर गोलचक्कर पर भी जाम ने बढ़ाई परेशानी
ग्रेनो वेस्ट में अब तक किसान चौक को जाम के लिए जाना जाता था, लेकिन हनुमान मंदिर गोल चक्कर भी इसी सूची में शामिल हो गया है। यहां भी सुबह और शाम के समय जाम लगने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं, नए हिंडन पुल के पास नोएडा की तरफ रोजाना जाम लग रहा है। इससे ग्रेनो वेस्ट के निवासी परेशान हैं। लोगों ने इसकी शिकायत प्राधिकरण और पुलिस से की है।
ग्रेनो वेस्ट का किसान चौक से अब तक नोएडा, गाजियाबाद, 130 मीटर रोड और बिसरख की तरफ वाहन आसानी से आ-जा रहे थे, लेकिन वाहनों का लगातार दबाव बढ़ने से जाम लगना शुरू हो गया था। इसके बाद पुलिस को यातायात को दो तरफ डायवर्ट करना पड़ा। इसके बाद लोगों को राहत मिली, लेकिन अब किसान चौक जैसी स्थिति बिसरख के पास हनुमान मंदिर गोल चक्कर पर हो रही है।
लोगों ने बताया कि 130 मीटर रोड पर डायवर्जन के कारण ग्रेटर नोएडा से ग्रेनो वेस्ट आ रहे वाहन हनुमान मंदिर पहुंच रहे हैं। वहीं, बिसरख के पास हिंडन पर नया पुल बना है। उस पर नोएडा की तरफ आने-जाने वाले वाहनों की संख्या में इजाफा हो गया है। वाहन चालक पर्थला गोल चक्कर की तरफ भी जाने से बच रहे हैं। इस कारण हनुमान मंदिर गोल चक्कर पर वाहनों का दबाव बढ़ने से सुबह और शाम जाम लग रहा है।
लोगों का कहना है कि पर्थला गोल चक्कर पर डायवर्जन के बाद यहां पर स्थिति और खराब हो जाएगी। लोगों का कहना है कि नए हिंडन पुल के पास पुस्ता की रोड के बाद मुख्य सड़क के बीच का रास्ता टूट चुका है। साथ ही वहां से तीन दिशा में वाहन निकलते हैं। इस कारण सुबह और शाम जमा लग जाता है। इसकी शिकायत ट्विटर पर प्राधिकरण और पुलिस से की है।