-एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे एसएससी अभ्यर्थियों पर दिल्ली पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में एनएसयूआई ने जंतर मंतर पर बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर मंतर पहुंचे और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने अभ्यर्थियों के धरना स्थल पर पहुंचकर घायल अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि एनएसयूआई अभ्यर्थियों के हक के लिए लगातार संघर्ष करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ पुलिस की बर्बरता नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की हताशा है, जो युवाओं की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बाद भी पेपर लीक और अव्यवस्था का शिकार हो रहे हैं। सरकार को जवाब देना होगा कि परीक्षाएं बिना नोटिस क्यों रद्द हो रही हैं और जवाबदेही कहां है?
मांगें पूरी न होने पर तेज होगा आंदोलन एनएसयूआई ने एसएससी को एक आधिकारिक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने एसएससी सिलेक्शन पोस्ट फेज 13 जैसी परीक्षाओं का बिना कारण बताए रद्द होना, परीक्षा वेंडर बदलने के बाद तकनीकी विफलताएं, सिस्टम क्रैश और गलत केंद्र आवंटन, अभ्यर्थियों को देर रात तक केंद्रों पर रोके रखना जैसी समस्या थी। साथ ही, शिकायत करने पर स्टाफ द्वारा दुर्व्यवहार, परिणामों और शिकायत निवारण में पारदर्शिता का अभाव जैसे मुद्दे उठाए है। इसके अलावा एसएससी की अव्यवस्थाओं और वेंडर की जवाबदेही की उच्च स्तरीय जांच, परीक्षा प्रक्रिया में तत्काल सुधार, लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और 30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने जैसी मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि सरकार और एसएससी ने कार्रवाई नहीं की तो वह पूरे देश में आंदोलन को और तेज करेंगे।