ग्रेटर नोएडा (संवाद)। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय प्रदर्शन किया। संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में निजी बिल्डरों द्वारा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भूजल का दोहन किया जा रहा है। जिससे प्राकृतिक जल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नकली एवं मिलावटी दूध, घी, पनीर, खोया, मिठाइयों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है। संगठन के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।