प्रति किलोमीटर भुगतान में कटौती और लंबे रूट दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन
सेक्टर-45 स्थित एक निजी कंपनी के बाहर जुटे डिलीवरी बॉय
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-45 स्थित एक निजी कंपनी के बाहर शनिवार को डिलीवरी बॉय ने प्रति किलोमीटर भुगतान में कटौती और लंबे रूट दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के प्रति किलोमीटर मिलने वाला भुगतान कम कर दिया है। साथ ही पहले की तुलना में अधिक दूरी वाले रूट दिए जा रहे हैं, जिससे उनकी आय पर असर पड़ रहा है।
डिलीवरी बॉय संदीप ने बताया कि बढ़ती महंगाई और ईंधन के बढ़ते खर्च के बीच कम भुगतान पर काम करना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन से पुरानी भुगतान व्यवस्था बहाल करने और रूट आवंटन में पारदर्शिता लाने की मांग की लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद कंपनी ने कई डिलीवरी पार्टनरों की आईडी बंद कर दी। आईडी बंद होने से उनकी ड्यूटी रुक गई और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों में और अधिक नाराजगी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को शांत कराया। इसके बाद सभी डिलीवरी बॉय पास के एक पार्क में एकत्रित हुए और विरोध जारी रखा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं और बंद की गई आईडी दोबारा चालू नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।