रबूपुरा से जीबीयू तक सड़कों पर हादसे का खतरा, जिम्मेदार बेखबर
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। रबूपुरा से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) तक जाने वाली मुख्य सड़क पर रात के अंधेरे में लावारिस पशु घूमते रहते हैं। कभी यह सड़क के बीचो-बीच बैठे रहते हैं, तो कभी यह सड़क किनारे बैठ जाते हैं। कई बार तो यह आपस में भीड़ भी जाते हैं। ऐसे में हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मार्गों पर कई वाहन चालक लावारिस पशुओं से टकरा भी चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है।
रोनीजा निवासी शंकर ने बताया कि सबसे गंभीर स्थिति रात के समय होती है। इस रास्ते में कई जगहों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलती है, जिससे घना अंधेरा हो जाता है। वहीं, दोपहिया वाहन पर सवार ग्रेटर नोएडा निवासी हिमांशु ने बताया कि अंधेरे में सड़क पर बैठे पशु चालकों को दिखाई नहीं देते हैं। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग ग्रेटर नोएडा, नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर आते-जाते हैं।