-विभिन्न सेक्टरों व गांवों में तीन से चार घंटे की रही बिजली कटौती
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बगैर बिजली के घरों में बैठे-बैठे लोगों के पसीने छूट रहे हैं। इससे लोगों का स्वास्थ्य भी खराब हो रहा है। परंतु विद्युत निगम उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति नहीं दे पा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में विद्युत निगम के प्रति रोष बढ़ाता जा रहा है।
शहर में बुधवार को भी उपभोक्ताओं को बिजली कटौती झेलनी पड़ी। विद्युत निगम के स्थानीय कंट्रोल रूम नंबर पर शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं मिल रहा है। सेक्टर-71 साईं अपार्टमेंट के आरडब्ल्यूए महासचिव ब्रजेश गुर्जर ने बताया कि बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित नहीं है। हल्की-सी आंधी-बारिश आते ही बत्ती गुल हो जाती है। बुधवार को उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 24 घंटे में चार से पांच बार बत्ती गुल हुई। इसी तरह से सेक्टर-49 बरौला गांव के निवासी अनिल चौधरी ने बताया कि बिजली कटौती के साथ लो वोल्टेज की समस्या आ रही है। इससे बिजली के उपकरण भी खराब हो रहे हैं।
विद्युत निगम के 1912 के अलावा स्थानीय कंट्रोल रूम नंबर पर शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। सेक्टर-22 चौड़ा गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि गांव में दो से तीन घंटे तक कटौती हुई। स्थानीय बिजली उपकेंद्र पर शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। इसी तरह शहर के अन्य सेक्टर व कॉलोनियों में भी रहने वाले लोगों को विद्युत कटौती की मार झेलनी पड़ी। अधीक्षण अभियंता विवेक पटेल का कहना है कि कहीं भी शटडाउन नहीं लिया गया है। कुछ स्थानों पर तकनीकी खामियों की वजह से उपभोक्ताओं को कटौती हो सकती है।