- कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोेएडा। गौतमबुद्ध नगर में पहली बार बृहस्पतिवार से प्रो वॉलीबॉल लीग का आगाज होगा। प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ की ओर से किया जा रहा है। लीग में प्रदेश भर से आईं आठ टीमें शामिल होंगी। पहले दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। बुधवार को आयोजकों ने यह जानकारी दी।
आयोजकों ने कहा कि ग्रेनो के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयेाजित होने वाली लीग में दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों के साथ विश्वस्तरीय प्रतिभा देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता के जरिये युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय अनुभव से सीखने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश प्रो वॉलीबॉल लीग के फाउंडर कुलवंत बालियान ने बताया कि पहले सीजन का आयोजन गौतमबुद्ध नगर में कराया जा रहा है।
7 से 21 अगस्त तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के वॉलीबॉल कोर्ट में लीग के सभी मुकाबले खेले जाएंगे। रोजाना दो मैच आयोजित किए जाएंगे। दोपहर 3.30 बजे से 6.30 बजे के बीच दोनों मुकाबले आयोजित होंगे। लीग की विजेता टीम को 21 लाख रुपये और रनरअप टीम को 11 लाख रुपये की नकद इनामी राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। शुरुआत के दस दिन लीग मैच होंगे। वहीं, अंतिम पांच दिन नॉकआउट, सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। लीग का कई स्पोर्ट्स चैनलों के माध्यम से पूरे विश्व में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इसके लिए आयोजकों की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है।
120 में से 10 खिलाड़ी गौमतबुद्ध नगर से
लीग के सीईओ विश्वास बंसल ने बताया कि 7 अगस्त से शुरू होने वाली इस उत्तर प्रदेश प्रो वालीबॉल लीग में कुल 8 टीम में हिस्सा लेंगी। लखनऊ टाइगर्स, गोरखपुर जॉइंट्स, नोएडा थंडर्स, मथुरा योद्धाज, अयोध्या सुपरकिंग्स, मुरादाबाद बुल्स, काशी वॉरियर्स और मुजफ्फरनगर लायंस टीमें होंगी। सभी टीमों में उत्तर प्रदेश समेत देश भर के अलग-अलग राज्यों के वॉलीबाल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर से भी करीब दस खिलाड़ी अलग-अलग टीम में शामिल होंगे। हर टीम में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले वॉलीबॉल खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 120 खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे। प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी भाग लेंगे।