7 से 21 अगस्त तक होगा आयोजन, खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी आठ टीमें, मुफ्त में देख सकेंगे मैच
120 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे
15 खिलाड़ी होंगे हर टीम में
02 मैच होंगे रोजाना
नितेश कुमार
ग्रेटर नोेएडा। यूपी प्रो वॉलीबॉल लीग के मुकाबले ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होंगे। ग्रेनो प्राधिकरण ने इसके लिए आयोजकों अनुमति दे दी है। जिले के लोग मुफ्त में मैच देख सकेंगे। फिलहाल आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। आयोजकों की मानें तो लीग के उद्घाटन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा ले सकते हैं। मुख्यालय की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ यह लीग 7 से 21 अगस्त तक कराएगा। इसमें पूरे प्रदेश से आठ टीमें भाग ले रही हैं। हाल ही में इसकी ट्रॉफी का अनावरण किया गया था। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूपी के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, यूपी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, महिला आयोग की सदस्य रितु शाही ने जर्सी भी लॉन्च की थी। खिलाड़ियों की नीलामी भी हुई।
ढाई लाख तक की लगी बोली
नीलामी में 120 खिलाड़ियों का चयन आठों टीमों ने किया था। लखनऊ टाइगर्स, गोरखपुर जॉइंट्स, नोएडा थंडर्स, मथुरा योद्धाज, अयोध्या सुपरकिंग्स, मुरादाबाद बुल्स, काशी वॉरियर्स और मुजफ्फरनगर लायंस टीमें इस प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी पेश करेंगी। हर टीम में 15 खिलाड़ी होंगे। चिराग यादव को मुजफ्फरनगर लायंस, मुत्तू स्वामी को अयोध्या सुपरकिंग्स, समीर चौधरी को मथुरा योद्धाज ने सबसे अधिक ढाई लाख में खरीदा था।
जिले के खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
लीग के सीईओ विश्वास बंसल ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इसमें जिले से करीब 10 खिलाड़ी अलग-अलग टीमों में चुने गए हैं। इसका प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स, फेनकोड, सोनी स्पोर्ट्स के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लीग के समय में बदलाव किया गया है। पहले 5 अगस्त से लीग होनी थी, लेकिन अब 7 अगस्त को इसका आगाज होगा।
दर्शकों लिए होगी प्रवेश मुफ्त
लीग के फाउंडर कुलवंत बालियान ने बताया कि जिले के दर्शक लीग का आनंद ले सकें। इसके लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुकाबले शाम 3ः30 से 6ः30 बजे तक खेले जाएंगे। एक दिन में दो मुकाबले होंगे। एक मुकाबले एक घंटे का होगा। विजेता टीम को 21 लाख रुपये और रनरअप टीम को 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।