परी चौक पर यातायात पुलिस व यूपीएसआरटीसी के अधिकारियों ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। परी चौक और अंसल मॉल के सामने से शुक्रवार सुबह यातायात पुलिस और यूपीएसआरटीसी के अधिकारियों ने निजी बसों को हटवाया। लेकिन, कुछ देर बाद ही दोनों स्थानों पर निजी बसों का जमावडा फिर से लग गया।
ग्रामीण बस सेवा के संचालन में हो रही परेशानी को लेकर एआरएम ने जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा है। ग्रेटर नोएडा के परी चौक और अंसल मॉल के सामने निजी बसों के जमावड़े से रोडवेज के चालकों को सवारियां लेने में परेशानी होती है, जिससे हर माह लाखों रुपये की क्षति निगम को हो रही है। इससे संबंधित खबर अमर उजाला ने कई बार प्रमुखता से प्रकाशित की थी। शुक्रवार को कार्रवाई के बाद अधिकारियों के जाने के बाद एक बार फिर से दोनों जगहों पर निजी बसों का जमावड़ा शुरू हो गया।
एआरएम राजेश वर्मा ने बताया कि ग्रामीण बस सेवा के संचालन में आ रही दिक्कतों को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस के अधिकारियों को लिखा गया है।