ट्रेन में टिकट नहीं मिलने से निजी बसों का सहारा लेने को मजबूर यात्री
सामान्य दिनों में 1200 से 1500 रुपये किराया, अब 3000 से 5000 रुपये तक
राजकुमार शर्मा
नोएडा। छठ पूजा पर घर पहुंचने की चाह में लोग आखिरी समय में अव्यवस्थाओं के बीच सफर करने को मजबूर हैं। बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के सामने सबसे बड़ी परेशानी सीधी सरकारी बसों की सुविधा नहीं होना है। इसका फायदा उठाकर निजी बस संचालकों ने किराया भी दो से तीन गुना तक बढ़ा दिया है। सामान्य दिनों में जिस सफर के लिए 1200 से 1500 रुपये देने पड़ते हैं, उसके लिए अब 3000 से 5000 रुपये तक मांगे जा रहे हैं। यात्रियों ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने के कारण उन्हें निजी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उनका कहना है कि अधिक किराया देने के बावजूद बसों में कोई विशेष सुविधा नहीं मिल रही है। कई बसों में केवल बैठने की सीट उपलब्ध कराई जा रही है। न अतिरिक्त आराम की व्यवस्था है और न ही लंबी यात्रा के हिसाब से सुविधाएं मिल रही हैं। करीब 18 से 20 घंटे के सफर में बच्चों और बुजुर्गों को साथ लेकर चलना और भी मुश्किल हो जाता है।
काफी बढ़ा दिया गया किराया
छठ पूजा पर हर हाल गांव पहुंचना है। टिकट नहीं मिलने के कारण निजी बस से जाना पड़ रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में किराया काफी बढ़ा दिया गया है। इतना पैसा देने के बाद भी बस में सिर्फ बैठने की जगह मिल रही है। - विद्यानंद झा
परिवार के साथ गांव जाना है, लेकिन त्योहार के समय बसों का किराया कई गुना बढ़ गया है। बच्चों को लेकर 18 से 20 घंटे का सफर करना आसान नहीं है। बस में सुविधाएं भी नहीं मिलती हैं। रेलवे में टिकट नहीं मिलने के कारण मजबूरी में महंगी निजी बस से जाना पड़ रहा है। - आदित्य झा
विद्यानंद झा