पुलिस कस्टडी से हथकड़ी खोल फरार हुआ बंदी
ग्रेटर नोएडा। सात दिन पहले मोबाइल चोरी के आरोप में जेल गया आरोपी पेशी पर आने के दौरान पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। आरोपी आकाश निवासी मोहल्ला ठाकुरान कोर्ट रूम के पास से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। मामले में पुलिसकर्मियों के संलिप्त होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपी के पकड़े जाने पर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। वहीं एसएसपी के आदेश से दोनों कांस्टेबल पर केस दर्ज कर निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने फरार बंदी की तलाश में जुट गई है साथी ही उसके कस्टडी से फरार होने की जांच भी शुरू कर दी गई है।
दादरी कोतवाली पुलिस ने 25 जुलाई को मोबाइल चोरी के आरोप में आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आकाश पर लूट के भी केस दर्ज हैं। बृहस्पतिवार सुबह आकाश को लुकसर स्थित जिला कारागार से अन्य बंदियों के साथ सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय पेशी पर लाया गया था। उसकी अभिरक्षा के लिए पुलिस लाइन से दो पुलिसकर्मी कोवर सिंह और सुधीर को तैनात किया गया था। आरोपी के साथ तीन अन्य बंदी भी थे। आकाश की अदालत में पेशी करा दी गई। इसके बाद पुलिसकर्मी अन्य बंदियाें को पेशी पर कोर्ट रूम में ले गए।
इसी दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर आकाश चाबी से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों को जब वहां आकाश नहीं दिखा तो उन्होंने शोर मचा दिया। इस दौरान अदालत परिसर में अफरातफरी मच गई और अन्य पुलिसकर्मी भी आरोपी की तलाश में जुटे लेकिन आरोपी कड़ी सुरक्षा व पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया।
हथकड़ी कैसे खोली, मिलीभगत की आशंका
आरोपी आकाश के हथकड़ी खोलकर भागने की बात सामने आ रही है। मामले में किसी पुलिसकर्मी की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। वहीं देर शाम एसएसपी वैभव कृष्ण ने मामले में बंदी समेत दोनों पुलिकर्मियों को खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही दोनाें पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।