नोएडा। सेक्टर-62 के सामने बने ब्लू लाइन मेट्रो के सेक्टर-63 इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन के फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के पिलर को हटाया जाएगा। यहां नोएडा प्राधिकरण ने सड़क चौड़ी कराई है। ऐसे में सड़क पर पिलर की वजह से यहां यातायात फंसता है।
प्राधिकरण के ट्रैफिक सेल से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को पत्र भेजा गया था। अब डीएमआरसी ने जवाब दिया है कि यह काम नोएडा प्राधिकरण को अपने खर्च पर दिल्ली मेट्रो के तकनीकी टीम की निगरानी में करवाने होंगे। यह सुनिश्चित करना होगा कि मेट्रो संचालन पर कोई असर न पड़े। इसके साथ ही अगर कोई क्षति पहुंचती है तो इसकी जिम्मेदारी भी नोएडा प्राधिकरण की होगी।
सेक्टर-62 से 71 के बीच बनी सड़क (रोड नंबर-6) पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन के दो एफओबी हैं। एक सेक्टर-63 की तरफ है जिससे सेक्टर-58, 59, 71, 63 की ओर जाने वाले मेट्रो यात्रियों का आवागमन होता है। दूसरा पूरी सड़क को पार कर सेक्टर-62 को जोड़ता है। इसका एक पिलर सेक्टर-71 की ओर से आने वाले ट्रैफिक के बीच में आ रहा है। इससे जाम लग जाता है। ट्रैफिक सेल के वरिष्ठ प्रबंधक विश्वास त्यागी ने बताया कि डीएमआरसी का जवाब आ गया है। मौके का निरीक्षण किया जाएगा।