ग्रेटर नोएडा (संवाद)। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 21 नवंबर तक होने वाली वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विदेशी खिलाड़ी पहुंच रहे हैं। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की टीम गौतमबुद्ध नगर पहुंची। दिल्ली में हुए हादसे को देखते हुए खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा के बीच ग्रेटर नोएडा के क्राउन प्लाजा होटल में ठहराया गया है। होटल परिसर में पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया तीसरी विदेशी टीम है जो प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंची है। स्टेडियम में रिंग लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है। बुधवार को नापतोल का कार्य पूरा किया गया।