निर्माण एजेंसी सेतु निगम ने दिया प्रस्ताव, प्राधिकरण ने संकेतक बोर्ड समेत अन्य बचे हुए काम बताए
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अगाहपुर से सेक्टर-82 तक बने भंगेल एलिवेटेड रोड को अब सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्माण एजेंसी सेतु निगम ने नोएडा प्राधिकरण को इस परियोजना को सौंपने का प्रस्ताव दिया है। प्राधिकरण ने संकेतक बोर्ड समेत अन्य बचे हुए कुछ काम सेतु निगम को बताए हैं। यह काम पूरे होने के साथ ही सेतु निगम प्राधिकरण को एलिवेटेड रोड सौंप देगा।
4.5 किलोमीटर लंबे इस रोड का काम 19 जून 2020 को शुरू हुआ था। मौजूदा समय में परियोजना की निर्माण लागत 608.61 करोड़ रुपये है। काम पूरा होने की समयसीमा दिसंबर-2022 प्रस्तावित थी लेकिन अलग-अलग कारणों से समयसीमा बढ़ती रही। निर्माण एजेंसी सेतु निगम की ओर से इसे सौंपने के बाद आगे की जिम्मेदारी नोएडा प्राधिकरण की होगी। प्राधिकरण इस परियोजना के लोकार्पण की तैयारी कर रहा है। ब्यूरो