बिल्ट, ऑपरेट एंड ट्रांसफर मॉडल पर किए जाएंगे विकसित
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में परिवहन निगम के साथ सिटी बस संचालन की तैयारी में नोएडा प्राधिकरण जरूरी संसाधन भी विकसित करवाएगा। इसके लिए प्राधिकरण ने बस स्टॉप के निर्माण और जीर्णोद्धार की योजना पर काम शुरू कर दिया है। फिलहाल शहर के कई बस स्टॉप क्षतिग्रस्त हैं, जिन्हें अब बिल्ट, ऑपरेट एंड ट्रांसफर (बीओटी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, परिवहन निगम विभिन्न रूटों पर बसों के संचालन और स्टैंड की स्थिति का सर्वे कर रहा है। शुरुआती आकलन के मुताबिक, एक रूट पर चार से पांच बस स्टॉप शेल्टर बनाए जाएंगे। कई स्थानों पर पहले से बस शेल्टर बने हुए हैं, जिन्हें अपग्रेड किया जाएगा।
बस स्टॉप पर शेल्टर निर्माण और रखरखाव के लिए टेंडर के जरिए कंपनी का चयन किया जाएगा। इसके बदले कंपनी को तय अवधि के लिए वहां विज्ञापन प्रदर्शित करने का अधिकार दिया जाएगा।