ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले में पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों की ड्यूटी अब तक न लगने से जवानों में रोष व्याप्त है। जहां एक ओर प्रदेश के 74 जिलों में पीआरडी जवानों की तैनाती की जा चुकी है। वहीं गौतमबुद्धनगर में 235 जवानों के सापेक्ष मात्र 14 जवानों की ड्यूटी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लगाई गई है। जिले में अभी तक सभी का ड्यूटी आदेश जारी नहीं होने से जवान खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। इसी संबंध में गुरुवार को कुछ जवान जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और ड्यूटी लगाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। जवानों ने बताया कि ड्यूटी न लगने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और परिवार के भरण-पोषण में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द ड्यूटी लगाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलन किया जाएगा। ब्यूरो