प्रवीण ने 5 जिलों में चलाया हर गांव में लाइब्रेरी अभियान
ग्रेटर नोएडा। हर गांव में लाइब्रेरी अभियान पर निकले टीम ग्राम पाठशाला के साइकिल मैन प्रवीण बैंसला ने 5 जनपदों के 50 गांवों में लोगों को जागरूक किया। उनकी साइकिल यात्रा का समापन शनिवार को दादरी तहसील के गांव कल्दा में हुआ। अभियान के तहत ग्रामीणों को गांव में लाइब्रेरी की जरूरतों के बारे में जानकारी दी र्गई।
दादरी क्षेत्र निवासी प्रवीण की साइकिल यात्रा 25 दिसंबर को गाजियाबाद के गनौली गांव से शुरू हुई थी। यूपीएससी परीक्षा-2019 में चयनित फिरोज आलम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उनकी साइकिल यात्रा गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर के 50 से भी अधिक गांवों से गुजरी। 8 दिनों में प्रवीण ने प्रत्येक गांव में लाइब्रेरी के महत्व और उसकी आवश्यकता पर चर्चा की। लाइब्रेरी का निर्माण कैसे हो सकता है इस संबंध में लोगों को जागरूक किया। शनिवार को गांव कल्दा स्थित पुस्तकालय पर उनकी यात्रा संपन्न हुई। इस दौरान प्रवीण ने कहा कि उनकी यात्रा सफल रही है। अधिकतर गांवों में लोगों ने लाइब्रेरी निर्माण की बात कही है। टीम ग्राम पाठशाला के सदस्य, कल्दा गांव के प्रधान योगेंद्र समेत कूडीखेड़ा, महावड़ और बंबाबड़ गांव के युवा मौजूद रहे।