मेफेयर रेजीडेंसी की बिजली कटी, 40 परिवार परेशान
ग्रेटर नोएडा। नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने बिल बकाया होने पर मंगलवार रात ग्रेनो वेस्ट की मेफेयर रेजीडेंसी सोसाइटी की बिजली काट दी है। निवासियों का कहना है कि लिफ्ट नहीं चल रही है। सीढ़ियों का प्रयोग करना पड़ रहा है। बीमार और बुजुर्गों के लिए सीढ़ी चढ़ना मुश्किल है। काफी लोग घर में ही बंद है। 40 परिवार परेशान हैं। निवासियों ने ट्विटर पर शासन और प्रशासन से मदद मांगी है। दरअसल, सोसाइटी निर्माणाधीन है। कुछ टावर में परिवार रह रहे हैं। बिल्डर पर 1.85 लाख रुपये का बकाया है। पिछले माह का भी बिल भेजा गया है। अफसरों ने बताया कि बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटा गया है। निवासियों का कहना है कि क्षमता कम होने के कारण जनरेटर नहीं चल रहा है। बार-बार बंद हो जाता है। बिल्डर से शिकायत की है। वहीं, बिल्डर का कहना है कि लोग बिल जमा नहीं कर रहे हैं। जिस कारण बिजली बिल बकाया है। लोगों का आरोप है कि बार-बार ट्रिपिंग होती है। जिसकी शिकायत की, लेकिन बिल्डर समाधान नहीं कर रहा है। ऐसे में निवासी बिल जमा नहीं कर रहे हैं। पिछले साल भी अगस्त में बिल जमा नहीं होने पर एनपीसीएल ने सोसाइटी की बिजली काट दी थी।