51.50 लाख रुपये बिजली बिल बकाया होने पर एनपीसीएल ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एनपीसीएल ने बकाया बिल जमा नहीं करने पर सोमवार शाम ग्रेनो वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी की बिजली काट दी। इससे सोसाइटी में रहने वाले 5000 से अधिक परिवार करीब 4 घंटे परेशान रहे। बिल्डर के बिल जमा करने के बाद आपूर्ति बहाल हुई। एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने बताया कि सोसाइटी पर 51.50 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। बिल्डर प्रबंधन को कई बार नोटिस भेजा गया पर बिल जमा नहीं किया गया। उसके बाद सोमवार दोपहर 2:30 बजे कनेक्शन काट दिया गया। बिल जमा करने पर शाम छह बजे बिजली आपूर्ति को बहाल की गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले 5 बार सोसाइटी की बिजली काटी जा चुकी है। इस साल 14 अप्रैल व 16 मार्च को बिजली काटी गई, जबकि पिछले साल 15 दिसंबर, 21 नवंबर और 14 नवंबर को बिजली काटी गई।