प्रजापति महाकुंभ में पहुंचीं रेखा गुप्ता ने कहा- सरकार हरसंभव सहयोग करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
नरेला के आदर्श रामलीला मैदान में रविवार को राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के प्रजापति (कुम्हार) महाकुंभ का आयोजन किया गया। इसमें दिल्लीभर से कुम्हार समाज को लोग जुटे। इस मौके पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्हार समाज असली सृजनकर्ता है। ये मिट्टी से भगवान बना देते हैं। इनकी परंपरागत कला, परिश्रम और सृजनशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है। दिल्ली सरकार इस समाज को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने प्रजापति समाज को विश्वास दिलाया कि सरकार उनके कल्याण, शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम करेगी। कार्यक्रम में सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधायक सहित प्रजापति समाज के महत्वपूर्ण लोग मौजूद रहे।
कारीगरों के साथ चलेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने प्रजापति समाज के प्रतिनिधियों व कारीगरों से कहा कि दिल्ली सरकार समाज के हितों के लिए प्रभावी कदम उठाएगी। इससे न केवल इस समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि स्वदेशी उद्योगों को भी नई पहचान मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने का संकल्प लिया है। दिल्ली सरकार इसे आगे बढ़ा रही है।