उप डाक अधीक्षक को चार घंटे तक बनाया बंधक
दनकौर। पूर्व पोस्ट मास्टर द्वारा खाताधारकों के लाखों रुपये गबन करने के मामले में डाकघर में जांच करने पहुंचे डाक अधीक्षक को लोगों ने बंधक बना लिया। धरना प्रदर्शन की वजह से चार घंटे तक कामकाज ठप रहा। एक महीने में खाताधारकों का पैसे वापस करने के लिखित आश्वासन पर लोगों ने प्रदर्शन खत्म किया। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया था। उप डाक अधीक्षक कौशल कुमार ने दनकौर कोतवाली में एक सप्ताह पहले केस दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद ग्राहकों में खलबली मच गई। एक के बाद एक गबन के मामले सामने आते गए। बृहस्पतिवार को खाताधारकों ने डाकघर पर प्रदर्शन किया था। पोस्ट मास्टर मुनेश सिंह ने आश्वासन देकर लोगों को समझाबुझा दिया था। वहीं, शुक्रवार को मामले की जांच करने डाकघर पहुंचे उप डाक अधीक्षक कौशल कुमार को खाता धारकों ने बंधक बना लिया। प्रदर्शन करने वालों में नरेश जपरगढ़, जग्गी पहलवान, नवीन शर्मा, राजकुमार नागर और महकार नागर आदि सैकड़ों खाताधारक मौजूद रहे।