स्नोरघाटी में खराब हुई अनार की फसल। स्रोत जागरूक पाठक
नगवाईं (मंडी)। मंडी और कुल्लू जिला में अनार की फसल बगीचों में ही बर्बाद हो गई है। सामान्य से अधिक बारिश के कारण अनार की आधे से अधिक फसल खेतों में ही सड़ गई। इससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया और बागवान परेशान हैं। मंडी जिले की स्नोर घाटी व कुल्लू जिले के दलाशनी से लेकर जिया तक का क्षेत्र अनार की खेती के लिए मशहूर है। हर साल यहां के बागवान करोड़ों का अनार बेचते हैं। भमसोई के बागवान नारायण ठाकुर, टकोली के नरेश, केहर सिह, थारी लाल, धनवीर, नरेंद्र जम्वाल, हेमा जम्वाल, बशौणा के योगराज, थरास निवासी सुरेंद्र शर्मा आदि ने बताया कि अनार की फसल खराब होने से नुकसान हो गया है। सरकार से मांग है है कि प्रशासन मौके पर आकर स्थिति को देखे तथा उनकी मदद के लिए संभव कदम उठाए।