जिला से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताएं स्थगित, 90 प्रतिशत स्पर्धाओं में ट्रायल से हो रहा चयन
क्रॉसर - ट्रायल में ही सिमट रही जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी
नितेश कुमार
ग्रेटर नोएडा। प्रदूषण के कारण खिलाड़ियों की मेहनत और खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी पर असर पड़ने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को देखते हुए सीएक्यूएम के निर्देश पर लगी रोक से गौतमबुद्ध नगर का खेल कैलेंडर गड़बड़ा गया है। नवंबर और दिसंबर में होने वाली जिला, राज्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी गई हैं। मैदानों पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने के बजाय अब ट्रायल के जरिए टीमें चुनी जा रही हैं। इससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने के मौके कम मिल रहे हैं।
जिले में करीब 90 प्रतिशत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में ट्रायल के जरिए खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है जबकि 10 प्रतिशत प्रतियोगिताएं दूसरे जिलों में कराई जा रही हैं। कोचों के मुताबिक, जहां किसी प्रतियोगिता में एक अकादमी या कॉलेज के 60 से 70 खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं, वहां ट्रायल में केवल 10 से 12 खिलाड़ी पहुंचते हैं। कोच सोनू भाटी का कहना है कि प्रतियोगिताओं से ही खिलाड़ियों के प्रदर्शन का सही आकलन हो पाता है।
ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित एशियाई महिला कबड्डी प्रतियोगिता भी टाल दी गई है। इसके आयोजन से शहर को अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद थी।
- इन प्रतियोगिताओं पर पड़ा असर -
-5 और 6 दिसंबर को प्रस्तावित जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता स्थगित।
-2 से 4 दिसंबर तक प्रस्तावित विश्वविद्यालय स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बजाय अब ट्रायल होंगे।
-21 से 24 दिसंबर तक शारदा विश्वविद्यालय में प्रस्तावित महिला वुशू चैंपियनशिप के लिए अब ट्रायल होंगे।
-जिला स्तरीय सीनियर पुरुष कबड्डी टीम का चयन पहले ही ट्रायल से हो चुका है।
सीएक्यूएम के निर्देशों के तहत प्रतियोगिताएं स्थगित की गई हैं। स्थिति सामान्य होने पर नई तिथियां तय की जाएंगी। खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण प्रभावित न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।- प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी, डॉ. परवेज अली